बस्ती का सुप्रसिद्ध बैड़ा समय माता मंदिर
उत्तर प्रदेश के बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर भानपुर तहसील के समीप जोगिया में बैड़ा समय माता का मंदिर है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी मां के दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। यह मंदिर जिला मुख्यालय से लगभग 30 किमी दूर है। मंदिर तक पहुंचने के लिए जिला मुख्यालय स्थित रोडवेज से सरकारी बस या शहर के कटरा से निजी वाहनों से मनौरी चौराहा, भिटिया, औसापुर, बेलहरा, लक्ष्मणपुर, जिनवा, सल्तौवा, पचमोहनी, सोनहा होकर भानपुर पहुंचा जा सकता है।
इतिहास
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थान 100-120 वर्ष पुराना है। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर स्थित बैड़ा पुल से लगभग 300 मीटर पश्चिम नीम के पेड़ के नीचे मिट्टी की मूर्ति रखी थी, जिसकी आसपास के दर्जनों गांवों के लोग पूजा-अर्चना करते थे। 1990 के दशक में सोनहा थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष एसके सिंह के प्रयास से मंदिर का जीर्णोद्धार हुआ। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तत्कालीन विधान परिषद सदस्य मनीष जायसवाल ने मंदिर तक सड़क व पुलिया का निर्माण कराया।
बाद में तत्कालीन विधायक संजय प्रताप जायसवाल एवं कांग्रेस नेता बसंत चौधरी द्वारा भी मंदिर के सौंदर्यीकरण में योगदान किया गया।
विशेषता
मंदिर का निर्माण सामान्य शैली में हुआ है। परिसर में ही भगवान भोलेनाथ, बजरंगबली व मां दुर्गा का भव्य मंदिर भी बना है।
मान्यता है कि मां के दर पर सच्चे मन से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामना माता रानी अवश्य पूर्ण करती हैं। मां के दर्शन से जहां समस्त शारीरिक कष्ट दूर होते हैं। - पंकज पांडेय, पुजारी
देवी मां के प्रति अगाध श्रद्धा रखता हूं। वैसे तो अन्य दिनों में मां के दर्शन-पूजन के लिए आता रहता हूं पर नवरात्र में परिवार के सभी लोगों के साथ दर्शन के लिए आता हूं।- संजय चौधरी, श्रद्धालु