भाजपा जिलाध्यक्षों की घोषणा आज
कानपुर: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार रविवार को भाजपा जिलाध्यक्षों की घोषणा होने जा रही है। क्षेत्रीय कार्यालय में उत्तर, दक्षिण व ग्रामीण जिलों के अध्यक्षों की घोषणा एक कार्यक्रम के दौरान करने की तैयारी है। चुनाव अधिकारी और प्रेक्षक भी मौजूद रहेंगे। भाजपा पहली बार इस तरह का प्रयोग कर रही है, जहां लखनऊ से सूची जारी करने के बजाय क्षेत्रीय कार्यालय में बुलाकर घोषणा की जा रही है। पार्टी को आशंका है कि सभी दावेदारों के मौजूद रहने की वजह से हंगामा भी हो सकता है, इसलिए लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था भी है। प्रदेश कार्यालय से ऐसे लोगों पर नजर रखी जाएगी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि उत्तर जिला में मंडल अध्यक्ष के चुनाव में चुनाव अधिकारी को गुलदस्ते में जूते भेंट कर दिए गए थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा दोपहर दो बजे होनी है। इसमें प्रदेश, क्षेत्र, जिला पदाधिकारियों के साथ मंडल अध्यक्ष, सांसद, महापौर, विधायक, वर्तमान एवं पूर्व जिला अध्यक्ष रहेंगे। चुनाव प्रक्रिया से सीधे जुड़े तीनों जिलों के प्रेक्षक जयप्रकाश चतुर्वेदी, उत्तर जिला चुनाव अधिकारी संगम लाल गुप्ता, दक्षिण जिला चुनाव अधिकारी कांता कर्दम, ग्रामीण जिला चुनाव अधिकारी जय प्रकाश निषाद भी आएंगे। दोपहर करीब एक बजे कार्यक्रम की शुरुआत होगी। दो बजे चुनाव अधिकारियों के वाट्सएप पर जिलाध्यक्षों के नाम भेजे जाएंगे, जिनकी घोषणा वे करेंगे। जिलाध्यक्षों की घोषणा के कार्यक्रम की तैयारी के लिए शनिवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कार्यालय में बैठक की। पहली बार इस तरह से होने जा रही घोषणा को लेकर दावेदारों को विवाद होने की आशंका है। ऐसे में दावेदार ज्यादा से ज्यादा समर्थकों संग पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं ताकि अगर विवाद की स्थिति बने तो उसका सामना किया जा सके।
अंतिम समय तक नाम छिपा रहेगा
जिलाध्यक्षों का नाम अंतिम समय तक छिपाया जाएगा। दिसंबर के अंत में जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा की जानी थी लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अब ढाई माह बाद यह समय आया है। अभी उत्तर
जिला में दीपू पांडेय, दक्षिण में शिवराम सिंह, ग्रामीण में दिनेश कुशवाहा अध्यक्ष हैं। शनिवार देर रात तक पार्टी में इस बात का अनुमान लगाया जाता रहा कि कौन-कौन बचेगा और कौन बदलेगा।