आबादी घोषित कराने के लिए दौड़ा रहे ऑफिस के बाबू, पीड़ित ने डीएम और मुख्यमंत्री से लगाई मदद की गुहार
बस्ती। तहसील हरैया क्षेत्र के नकटीदेई बुजुर्ग निवासी डॉ० गोकरन नारायण पाण्डेय ने राजस्व अभिलेखों में आबादी घोषित होने संबंधी आदेश का अनुपालन न किए जाने से परेशान होकर जिलाधिकारी व मुख्यमंत्री से मामले में कार्रवाई की मांग की है। दिए गए पत्र में उन्होंने बताया कि उपजिलाधिकारी हरैया द्वारा दिनांक 30 अप्रैल को उनके मकान को आबादी घोषित किए जाने का आदेश पारित किया जा चुका है। इसके बावजूद तहसील स्तर पर आदेश का अनुपालन अब तक राजस्व अभिलेखों में नहीं किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि तहसीलदार के अधीनस्थ कर्मचारी सत्यदेव राय, रजिस्ट्रार कानूनगो एवं अभिलेख फीडिंग कक्ष के कम्प्यूटर बाबुओं द्वारा जानबूझकर आदेश को लंबित रखा जा रहा है, जिससे उन्हें काफी नुकसान हो रहा है। डॉ० पाण्डेय ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित कर्मचारियों को तत्काल निर्देशित कर उपजिलाधिकारी के आदेश का राजस्व अभिलेखों में शीघ्र अनुपालन कराया जाए।
